कटनी में हाई-वोल्टेज ड्रामा: पारिवारिक विवाद से क्षुब्ध युवक 60 फुट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ा, पुलिस ने 2 घंटे की मशक्कत के बाद बचाई जान
ऐसे मामलों में परिवारों से अपील की जा रही है कि छोटी-छोटी बातों पर विवाद को बढ़ावा न दें और जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद लें।
ऐसे मामलों में परिवारों से अपील की जा रही है कि छोटी-छोटी बातों पर विवाद को बढ़ावा न दें और जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद लें।

कटनी, 4 मार्च 2026: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रजरवारा नंबर 1 में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा टल गया। पारिवारिक विवाद से तनावग्रस्त एक युवक 60 फुट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ भरी कार्रवाई से युवक की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, पाली निवासी अमित विश्वकर्मा अपनी मौसी के यहां ग्राम रजरवारा नंबर 1 में पहुंचा था। यहां किसी बात को लेकर परिवार में तीखी बहस हुई, जिससे युवक इतना आहत और क्षुब्ध हो गया कि वह गांव की 60 फुट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने काफी देर तक उसे मनाने की कोशिश की, लेकिन युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश शर्मा ने खुद मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। उनकी टीम में सहायक उपनिरीक्षक संतोष स्वामी, सउनि जयराम साकेत, आरक्षक पप्पू प्रजापति, अंजनी झा, नितेश सिंह, चालक मज्जू कोल, एनआरएस रघुनाथ साहू, नेक सिंह, संजू सहित अन्य कर्मी शामिल थे।
पुलिस टीम ने लगभग दो घंटे की लगातार मशक्कत, मनाने और सुरक्षित रेस्क्यू प्रयासों के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इस दौरान कोई दुर्घटना नहीं हुई और युवक को कोई चोट भी नहीं आई।ग्रामीणों ने पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और साहसिक कार्रवाई की खुलकर सराहना की है। कई लोगों ने कहा कि पुलिस की सूझबूझ से एक बड़ी त्रासदी टल गई।पुलिस ने बताया कि युवक को काउंसलिंग के बाद परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है।
ऐसे मामलों में परिवारों से अपील की जा रही है कि छोटी-छोटी बातों पर विवाद को बढ़ावा न दें और जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद लें।
